रांची। झारखंड में सरकारी नियुक्ति परीक्षाओं को लेकर देर रात बड़ा प्रशासनिक फैसला सामने आया है। राज्य सरकार ने विभिन्न नियुक्ति परीक्षाओं को लेकर सख्त कदम उठाते हुए कई परीक्षाओं को रद्द करने, कुछ परीक्षाओं की जांच कराने और कई परीक्षाओं को स्थगित करने का निर्णय लिया है। इस फैसले के बाद झारखंड में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हजारों अभ्यर्थियों के बीच हलचल तेज हो गई है।
उपलब्ध जानकारी के अनुसार, सरकार के फैसले के तहत 22 नियुक्ति परीक्षाओं को रद्द किया गया है। वहीं 17 परीक्षाओं की जांच सीआईडी से कराने का निर्णय लिया गया है। इसके अलावा 6 परीक्षाओं को स्थगित किया गया है। सरकार की ओर से जारी अधिसूचना में अलग-अलग परीक्षाओं और उनके विज्ञापन/परीक्षा वर्ष का उल्लेख किया गया है।
रद्द की गई परीक्षाओं की सूची में झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) की कई महत्वपूर्ण परीक्षाएं शामिल हैं। इनमें विभिन्न विभागों में सहायक निदेशक, ड्रग इंस्पेक्टर, सहायक वन संरक्षक, फॉरेस्ट रेंज ऑफिसर, सहायक प्राध्यापक, सिविल सेवा परीक्षा, खाद्य सुरक्षा अधिकारी, सीडीपीओ सहित अन्य पदों से जुड़ी परीक्षाएं शामिल हैं। इसके अलावा सिविल जज जूनियर डिवीजन और अन्य पुरानी नियुक्ति परीक्षाओं का भी उल्लेख सूची में किया गया है।
वहीं, जिन परीक्षाओं की सीआईडी जांच कराने की बात कही गई है, उनमें फूड एनालिस्ट, प्रोजेक्ट मैनेजर, फैक्ट्री इंस्पेक्टर, बॉटनिकल इंस्पेक्टर, निदेशक, सिविल जज जूनियर, असिस्टेंट डायरेक्टर एग्रीकल्चर, फूड सेफ्टी ऑफिसर, डेंटिस्ट, सिविल सर्विस परीक्षा सहित कई परीक्षाएं शामिल हैं। इन परीक्षाओं से संबंधित पुराने विज्ञापनों और चयन प्रक्रियाओं की भी जांच के दायरे में आने की बात सामने आई है।
सरकार के इस फैसले का सीधा असर उन अभ्यर्थियों पर पड़ेगा, जिन्होंने इन परीक्षाओं के लिए आवेदन किया था, परीक्षा दी थी या चयन प्रक्रिया के अगले चरण की तैयारी कर रहे थे। अभ्यर्थियों के बीच अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि रद्द की गई परीक्षाओं के लिए आगे नई प्रक्रिया कब शुरू होगी और जांच पूरी होने के बाद संबंधित नियुक्तियों को लेकर क्या निर्णय लिया जाएगा।
सरकारी अधिसूचना के बाद संबंधित आयोग और विभागों की ओर से आगे की प्रक्रिया और अभ्यर्थियों के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जाने की उम्मीद है। इस बड़े फैसले से झारखंड की नियुक्ति परीक्षा व्यवस्था एक बार फिर चर्चा के केंद्र में आ गई है।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें